लूसर्न (Lucern) १. प्रांत, यह स्विट्सरलैंड का प्रांत है, जिसका क्षेत्रफल ५७६ वर्ग मील है। इसका नाम यहाँ स्थित लूसर्न झील पर पड़ा है। प्रांत का सर्वोच्च शिखर ७,७१४ फुट है। यहाँ रेल तथा हवाई जहाज मार्गों का जाल बिछा हुआ है। प्रांत की जनसंख्या २,२३,२४९ (१९५०) है। लूसर्न के निवसी जर्मनभाषी एवं रोमन कैथोलिक धर्मावलंबी हैं। यहाँ पर आबादी का घनत्व प्रति वर्ग मील ३८७ है। रायस (Reuss) यहाँ की प्रमुख नदी है। प्रांत की राजधानी लूसर्न नगर है। (राजेंद्र वर्मा सिथोले)
२. झील, स्विट्सरलैंड के मध्य में स्थित इस झील की सर्वाधिक गहराई ७०० फुट तथा क्षेत्रफल ४३ वर्ग मील है। झील की आकृति ऑक्टोपस (octopus) की तरह है। रायस नदी झील से दक्षिण-पूर्व किनारे पर फ्लुइलेन नामक स्थान पर मिलती है और इसके पश्चात् झील से निकलने के बाद लूसर्न नगर के पास बहती है।
३. नगर, जूरिख से २५ मील दक्षिण-पूर्व में लूसर्न झील के उत्तरी-पश्चिमी किनारे पर, जहाँ रायस नदी झील से बाहर निकलती है, स्थित है। यह नगर ऐल्प्स का प्रवेश द्वार होने के कारण प्रमुख पर्यटन केंद्र है। यहाँ के प्रमुख उद्योग रेशम के वस्त्र तथा लकड़ी पर नक्काशी बनाना है। यहाँ के टाउनहाल का वास्तु इतालवी तथा गॉथिक वास्तुकला का मिश्रण है। रायस नदी पर लकड़ी की छतवाले दो पुराने पुल हैं, जिन्हें नगर के इतिहास से संबंधित चित्रों से अलंकृत किया गया है। नगर की जनसंख्या ६२,६०० (१९५३) है। सुप्रसिद्ध ग्लेशियर गार्डेन के समीप चट्टान पर बर्टेल थॉर्वाल्डसन (Bertel Thorwaldsen) द्वारा बनाई गई लायन ऑव लूसर्न (Lion of Lucern) की प्रसिद्ध बृहत्काय मूर्ति है।