लुधियाना १. जिला, भारत के पंजाब राज्य का जिला, तहसील तथा नगर है। जिले का क्षेत्रफल ३,४२९ वर्ग किमी. तथा जनसंख्या १०,२२,५१९ (१९६१) है। इसमें ८५९ ग्राम तथा ५ नगर है। प्रति वर्ग मील जनसंख्या ७७३ (१९६१) है। जिले का मुख्यालय लुधियाना नगर में है। जिले का धरातल अधिकांश मैदानी है, बीच में नदियाँ या पर्वत नहीं हैं। ये मैदान उत्तर में सतलुज तक फैले हैं। यहाँ की मिट्टी बड़ी उपजाऊ है। वर्षा कम होती है, किंतु परिश्रमी जाट कृषक कुओं तथा नहरों से सिंचाई करके अच्छी फसल उगा लेते हैं। कृषि योग्य लगभग संपूर्ण भूमि पर खेती की जाती है। गेहूँ, जौ, चना, ज्वार, मक्का, कपास तथा गन्ना मुख्य उपज हैं।
२. नगर, स्थिति : ३०�५५� २५�� उ.अ. तथा ७५�५३� ३०�� पू.दे.। सतलुज नदी के उच्च दक्षिणी तट से आठ मील दूर स्थित है। नगर की जनसंख्या २,४४,०३२ (१९६१) तथा क्षेत्रफल १९.६६ वर्ग किमी. है। उत्तरी भाग में एक दुर्ग है। १४८० ई. में, दिल्ली के तत्कालीन शासक लोदी वंश के राजकुमारों ने, सुनेत नामक प्राचीन नगर के चार मील पूर्व में, इसकी स्थापना की। रेलवे की व्यवस्था हो जाने से व्यापार विकसित हो गया है। होजरी, साइकिल के सामान, सिलाई मशीन आदि नगर के मुख्य उद्योग हैं। (शातिलाल कायस्थ)