लुक्सेमबुर्ग (
यहाँ की जलवायु शीतोष्ण एवं सौम्य है। ग्रीष्मऋतु ठंडी रहती है और इस समय का औसत ताप १७� सें. रहता है। जाड़े का ताप ०� सें. रहता है। वार्षिक वर्षा का औसत ३० इंच है। वर्षा के जल का निकास पूर्व की ओर मोज़ेल तथा इसकी सहायक नदियों जाउर, आउर (Our) तथा आलज़ेत (Alzette) द्वारा होता है।
फल के वृक्षों के साथ साथ, चीड़, चेस्टनट, एल्म आदि के वृक्ष मिलते हैं। यहाँ अब केवल जंगली सूअर तथा हरिण के कुछ स्पीशीज़ बचे हुए हैं, पर पक्षी काफी हैं। यहाँ की नदियों में अनेक किस्म की मछलियाँ मिलती हैं। गेहूँ, राई, जौ, ओट तथा आलू देश की प्रमुख उपज हैं। मोज़ेल नदी के किनारे की पूर्वी भूमि अंगूर के उत्पादन का प्रमुख क्षेत्र है।
इस्पात के निर्माण में लुक्सेमबुग का विश्व में आठवाँ स्थान है। रेल के उपकरणों तथा इंजीनियरी के सामानों का यहाँ निर्माण होता है। मृत्तिका-शिल्प-उद्योग का यहाँ विकास हो रहा है। शराब बनाने तथा तंबाकू के कारखाने भी यहाँ हैं।
लुक्सेमबुर्ग में संवैधानिक राजतंत्र है। वैधानिक अधिकार ५२ सदस्यीय चैंबर ऑव डेपुटीज़ में निहित है। इसके अतिरिक्त १५ सदस्यीय काउंसिल ऑव स्टेट भी है, जिसके सदस्य राजा द्वारा नामज़द किए जाते हैं। यह राज्य तीन ज़िलों में विभक्त है। राज्य की राजधानी लुक्सेमबुर्ग है। इसके अतिरिक्त अन्य प्रमुख नगर हैं : एश सुर आलज़ेत (Esch sur-Alzette), डाइफरडेंज (Differdange) तथा डडलेंज (Dudelange)।
राज्य के प्राकृतिक दृश्य तथा लगभग १३० ऐतिहासिक किले दर्शनीय हैं। राज्य के बहुसंख्यक लोग रोमन कैथोलिक है। यहाँ की जनसंख्या ३,१४,८९० (१९६१) थी। लुक्सेमबुर्ग में निरक्षरता नहीं है। यहाँ प्राथमिक, उच्चमाध्यमिक, तथा कृषि एवं माइनिंग विद्यालय हैं, पर कोई विश्वविद्यालय नहीं है। उच्च शिक्षा के लिए लोग फ्रांस या बेल्जियम जाते हैं। छह तथा १४ वर्ष के बालकों के लिए शिक्षा अनिवार्य है। जर्मन और फ्रांसीसी भाषा शिक्षा एवं राजकाज की भाषाएँ हैं, पर दिन प्रति दिन की भाषा लेत्ज़ी बर्गेंश्ख (Letze Burgesh) है।
२. नगर, यह उपर्युक्त राज्य की राजधानी एवं प्रधान नगर है। यह देश के दक्षिण मध्य भाग में चट्टानी प्रायद्वीप पर स्थित है, जो चारों ओर ढलुआँ पहाड़ियों से घिरा हुआ है। नगर में प्रवेश करने का एकमात्र मार्ग तंग भूपुल है। नगर का प्रमुख उद्योग शराब को बोतलों में भरना है। नगर की जनसंख्या ७१,६६७ (१९६१) है। (अजित नारायण मेहरोत्रा)