लिज़्वन (Lisbon) स्थिति : ३८�४४� उ.अ. तथा ९�९०� प.दे.। यह पुर्तगाल की राजधानी, प्रमुख व्यापारिक एवं औद्योगिक नगर है, जो टेगस नदी के मुहाने से १० मील ऊपर उत्तरी किनार पर स्थित है तथा पुर्तगाल का सबसे बड़ा नगर है। जलवायु ऐटलैंटिक महासागर से प्रभावित रहती है। सर्दियों में बर्फ कभी ही पड़ती है। गरमियाँ सह्य होती हैं तथा औसत वार्षिक वर्षा ३० इंच होती है। यहाँ मशीनें, खाद्य पदार्थ, कपड़े, लकड़ी उद्योग, रसायनक, छोटे-बड़े जलयान आदि संबंधी उद्योग होते हैं। समुद्री मार्गों का यह केंद्र है। विश्व की बड़ी हवाई जहाज कंपनियों के जहाज यहाँ से गुजरते हैं। नगर का आधा भाग पहाड़ी तथा आधा भाग घाटी में स्थित होने के कारण समुद्र की ओर से देखने पर नगर की सुंदरता अधिक लगती है। प्राका डोम पीट्रो नगर का मुख्य केंद्र है। राष्ट्रीय पुस्तकालय, सैन कार्लोस नैश्नल थिएटर, कार्मो संग्रहालय, ऐल्फामा आदि दर्शनीय स्थल है। आका डो कोमर्सिओ के तीन मील पश्चिम वेलेम उपनगर स्थित है। लिज़्वन प्रमुख बंदरगाह भी है। (राम सहाय खरे)