लिकनशिर (Lincolnshire) स्थिति : ५३११ उ.अ. तथा ०२० प.दे.। यह इंग्लैंड की पूर्वी समुद्रतटीय काउंटी है, जिसका क्षेत्रफल २,६६५ वर्ग मील है। यह पश्चिम में नॉटिंगैमशिर, एवं लिस्टरशिर काउंटियों से, दक्षिण में नॉर्थेपटनशिर, रटलैंडशिर एवं कैंब्रिजशिर से, उत्तर में यॉर्कशिर से तथा पूर्व में नार्थ सी से घिरा हुआ है। यह काउंटी पार्ट्स ऑव हालैंड, पार्ट्स ऑव केस्टीवेन तथा पार्ट्स ऑव लिंडसे में विभक्त है, ये पार्ट्स स्वप्रशासित हैं। यहाँ की भूमि, विशेषत: तटीय भूमि, चौरस और नीची है। पार्ट्स ऑव हालैंड का दक्षिण पूर्वी भाग कृष्यकृत पंक भूमि है तथा यह नहरों के जाल द्वारा जलउत्सरित होती है। इस भूमि पर अन्न उपजाया जाता है। पार्ट्स ऑव लिंडसे का उत्तरी भाग अजोत भूमि (heath), दलदली भूमि तथा परती भूमि से ढँका हुआ है। पार्ट्स ऑव केस्टीवेन दक्षिण पश्चिम में जंगली है। जहाज बनाना, जाल बुनना, डोरियाँ बनाना तथा कुछ सीमा तक मशीन निर्माण का कार्य यहाँ होता है। लिंकनशिर धार्मिक वास्तुकला के लिए विख्यात है। लिंकन कैथेडल इसका उदाहरण है। रोमनों के काल से ही काउंटी का प्रशासनिक नगर लिंकन प्रसिद्ध है। मध्ययुग में लिंकन ऊन निर्माण करनेवाला नगर था, जो लिंकनग्रीन वस्त्र बनाने के लिए प्रसिद्ध था। अब यह नगर कृषि उपकरणों तथा इंजीनियरिंग के सामानों के बनाने का केंद्र है। काउंटी का दूसरा बड़ा नगर ग्रिम्ज़वि (Grimsby) है। (अजित नारायण मेहरोत्रा)