लाहुल एवं स्पिटी स्थिति : ३१४५ से ३२ उ.अ. तथा ७३४५ से ७८४० पू.दे.। यह भारत के केंद्रशासित हिमाचल प्रदेश राज्य का एक जिला है। पहले यह पंजाब में था। जिले का क्षेत्रफल ४,७१४ वर्ग मील है। हिमालय पर्वतश्रेणी द्वारा यह दो भागों में विभक्त है : १. लाहुल - चंबा पर्वतों तथा गंजाम श्रेणी के बीच स्थित है। धरातल चट्टानी, कटा फटा, ऊँचा तथा घाटियों से युक्त है। चंद्रा एवं भागा प्रमुख नदियाँ हैं। जलवायु अत्यंत ठंढी तथा कठोर है। मानव निवास चंद्रा तथा भागा की निचली घाटियों में ही है। शेष भाग निर्जन है। निवासी चरवाहे तथा घुमक्कड़ हैं। जौ प्रमुख उपज है। २. स्पिटी - इस भूभाग में स्पिटी नदी पूर्व की ओर बहती है। यहाँ चोटियाँ २०,००० से २३,००० फुट तक ऊँची है। यहाँ के गाँव १२,००० से १४,००० फुट की ऊँचाई तक बसे हैं। आबादी स्पिटी नदी के किनारे स्थित है। प्रमुख उपज जौ है। (शातिलाल कायस्थ)