लॉवेल, पर्सिवैल (Lowell, Percival, सन् १८५५-१९१६), अमरीकन खगोलज्ञ, का जन्म बोस्टन नगर में हुआ था। हारवार्ड विश्वविद्यालय से आप स्नातक परीक्षा में ससम्मान उत्तीर्ण हुए।
सन् १८८३ से १८९३ तक ये साहित्यसेवा तथा यात्रा में व्यस्त रहे, किंतु बाद में आप खगोल की ओर आकर्षित हुए और आपने ऐरिज़ोना प्रदेश के फ्लैगस्टाफ़ नामक स्थान पर एक वेधशाला स्थापित की, जो इनके नाम से प्रसिद्ध है। आपने मंगल ग्रह का विशेष रूप से तथा बुध, शुक्र और शनि ग्रहों का भी अध्ययन किया।
आपने व्याख्यानों तथा लेखों द्वारा इस विचार का प्रतिपादन किया कि मंगल ग्रह पर बुद्धिमान् जीव निवास करते हैं, जिन्होंने वहाँ के ध्रुवों पर की पिघलती हुई बरफ के जल को नहरों द्वारा उपयुक्त स्थान पर लाकर खेतों की सिंचाई का प्रबंध किया है।
आपने एक अज्ञात ग्रह (प्लूटो, जिसका पता पीछे सन् १९३० में लगा) के अस्तित्व तथा स्थिति के संबंध में पूर्वसूचना दी थी। (भगवानदास वर्मा)