ला पास (La Paz), बोलिविया की राजधानी, सागरतल से १२,००० फुट की ऊँचाई पर स्थित है। नगर चारों ओर १,४०० फुट ऊँचे कार्डिलेरा रियल पहाड़ियों से घिरा है। यह विश्व की सबसे अधिक ऊँचाई पर स्थित राजधानी है। यहाँ स्थित हवाई अड्डा विश्व का सबसे ऊँचा (१३,३५८ फुट) अड्डा है। जलवायु समशीतोष्ण है। नगर के मध्य में प्लाज़ा मुरिला है। यहाँ एक प्रसिद्ध क्रीड़ास्थल है, जिसमें ५०,००० व्यक्ति बैठ सकते हैं। यह देश का सांस्कृतिक, शैक्षिक, व्यापारिक तथा राजनीतिक केंद्र है। राष्ट्रीय संग्रहालय, पुस्तकालय तथा विश्वविद्यालय दर्शनीय है।