लाइपसिग (Leipzig) स्थिति : ५१२० उ.अ. तथा १२२३ पू.दे.। यह पूर्वी जर्मनी का एक प्रसिद्ध व्यापारिक एवं औद्योगिक नगर है, जो बर्लिन से ११० मील दक्षिण पश्चिम में स्थित है। पूर्वी बर्लिन के बाद यह देश का सबसे बड़ा नगर है। अक्टूबर, १८१३ ई. में होनेवाला लाइपसिंग का युद्ध इसी के समीप हुआ था, जिसमें नेपोलियन को ऑस्ट्रिया, रूस, प्रशा एवं स्वीडन की संयुक्त सेनाओं से हार खानी पड़ी थी। सेंट टॉमस, सेंट जन तथा सेंट निकोस गिरजाघर, नया एवं पुराना टाउन हाल, विश्वविद्यालय भवन, लाइपसिग युद्धस्मारक आदि दर्शनीय हैं। १४०९ ई में स्थापित किया गया विश्वविद्यालय भी दर्शनीय है। रेलमार्ग का यह सबसे प्रमुख केंद्र हैं। यहाँ का सबसे बड़ा उद्योग पुस्तकमुद्रण एवं पुस्तकों का विक्रय करना है। अन्य उत्पादों में नकली पुष्प, रसायनक, विभिन्न तेल एवं सुगंधियाँ, शराब, तंबाकू, सिगार, पेंट, वाद्ययंत्र, सूती कपड़ा, मशीनें, फीते एव फर-उत्पाद प्रमुख हैं।