रोम्नी, जार्ज (१७३४-१८०२) इंगलैंड का प्रसिद्ध व्यक्तिचित्रकार (पोट्रेंट पेंटर) था। कहा जाता है, शायद ही कोई दूसरा व्यक्तिचित्रकार ऐसा हो जिसने जार्ज रोम्नी से बढ़कर स्त्रियों के सुकोमल तथा रसपूर्ण मधुर व्यक्ति चित्र बनाए हों।

रोम्नी लंकाशायर के एक मामूली किसान का लड़का था और शायद ही जीवन में उसे कुछ शिक्षा प्राप्त हो सकी हो पर जो भी समय उसे मिलता था वह आस पास के लोगों के चित्र बनाने में लगाता था। शुरू में उसकी मुलाकात एक घुमक्कड़ चित्रकार क्रिस्टोफर स्टील से हुई और वह उसी के साथ घूम घूमकर चित्र बनाता फिरता था। बाद में क्रिस्टोफर से उसका झगड़ा हो गया और उसने अपना खर्च चलाने के लिए दो दो गिनी पर व्यक्तिचित्र बनाना आरंभ किया। सन् १७६२ तक वह व्यक्ति चित्र बनाने की कला में काफी सिद्धस्त हो चुका था। इसी बीच वह लंदन सोसाइटी ऑव आर्ट्स की कलाप्रतियोगिता में भाग लेने गया। वहाँ उसे द्वितीय पुरस्कार पच्चीस गिनी का मिला जबकि वह वास्तव में वहाँ प्रथम आया था। वह बहुत दु:खी हुआ, पर उसने धैर्य न छोड़ा और कला की साधना करता रहा। बाद में उसकी सालाना आमदनी १००० पौंड तक हो गई। १७७३ ई. में वह इटली गया और वहाँ उसने अपनी कला में बड़ी तरक्की की। वहाँ से जब वह लंदन लौटा तो १५ के बजाय ८० पौंड पर व्यक्तिचित्र बनाने लगा।

अड़तालीस वर्ष की उम्र में उसकी मुलाकात इमा लिओं (Emma Lyon) नामक सुंदरी से हुई। वह उसके सौंदर्य से इतना प्रभावित हुआ कि बहुत दिनों तक उसने छोड़कर किसी दूसरे का व्यक्तिचित्र बनाना स्वीकार ही नहीं किया। 'लेडी हैमिल्टन' के नाम से इस सुंदरी का उसने अद्भुत चित्र बनाया है। इसी युवती का एक चित्र नेशनल गैलरी में भी है। बाद में उसने एक अन्य प्रसिद्ध मिसेज राविंसन का व्यक्तिचित्र बनाया जो परदीता (Perdita) के नाम से विख्यात है। स्त्रियों के व्यक्तिचित्रों में रोम्नी का 'द पार्सन्स डाटर', जो नेशनल गैलरी में है, अत्यंत प्रसिद्ध हुआ।

रोम्नी सन् १८०२ में केंडाल में स्वर्गवासी हो गया। (रामनाथ सुब्रह्मण्यम्)