रेयुन्यौं (Reunion) या बूरवॉन, हिंद महासागर में, मैलागासी (मैडागैस्कर) से ४२० मील पूर्व ४५ मील लंबा एवं ३३ मील चौड़ा एक फ्रांसीसी द्वीप है। इसकी खोज १५२८ ई. में मैस्करीन महोदय ने की थी। यह ज्वालामुखी द्वीप पर्वतीय है। सर्वोच्च चोटी १०,००० फुट ऊँची है। ज्वालामुखी अब भी क्रियाशील है। जलवायु समुद्री उष्ण कटिबंधीय है। पश्चिमी आधा भाग कुछ शुष्क रहता है। समुद्री तटों पर ताप ऊँचा रहता है। गन्ना, मेनिओक, टेपिओका, वेनिला आदि प्रमुख उपजें हैं। तंबाकू, चाय तथा सिंकोना भी उगाया जाता है और शराब का निर्माण होता है। उत्तर पश्चिमी तट पर स्थित प्वांइटे-डेस गैलेट्स प्रमुख बंदरगाह एवं सेंट डेनिस राजधानी है। इस द्वीप की जनसंख्या लगभग ३,७३,००० (१९६४) है। (रमेशचंद्र दुबे)