रेकजाविक (Reykjavik) आइसलैंड द्वीप की राजधानी तथा द्वीप का एकमात्र बड़ा नगर है। यह द्वीप के दक्षिण-पश्चिमी किनारे, फैक्सा खाड़ी के सिरे पर स्थित बंदरगाह भी है। द्वीप का यही एक नगर व्यापार, शिक्षा एवं शासन का केंद्र है। यहाँ एक आधुनिक हवाई अड्डा भी है। नगर के अधिकांश मकान लकड़ी निर्मित हैं। यहाँ विश्वविद्यालय, वेधशाला एवं पुस्तकालय आदि हैं। यहाँ के प्राय: सभी निवासी साक्षर हैं। धनी लोगों की संख्या कम है। जलवायु के कठोर होने के कारण यहाँ का निवास आसान नहीं है। द्वितीय विश्वमहायुद्ध में द्वीप एवं इस नगर की ब्रिटेन एवं अमरीका ने जर्मनी से रक्षा की थी। इसकी जनसंख्या लगभग ७५,००० (१९६३) है। नगर से ७० मील दूर स्थित 'गोल्डन फाल' दर्शनीय जलप्रपात है। यहाँ से ३५ मील दूर 'थिगवेलिर' है, जहाँ विश्व का सबसे प्राचीन पार्लियामेंट (सन् ९३०) भवन स्थित है। इसके समीप ही एक सोता है, जिसका जल २०० फुट तक ऊँचा जाता है। (रमेश चंद्र दुबे)