रूर क्षेत्र जर्मनी के दक्षिणी भाग में एक ऊँचे भूभाग पर राइन की सहायक रूर नदी की घाटी में पड़ता है। यहाँ यूरोप का सबसे बड़ा एवं विश्वविख्यात कोयला क्षेत्र है। जर्मनी का ८०% कोयला रूर क्षेत्र से निकाला जाता है। यहाँ से कोयले का निर्यात भी होता है। इसके समीप सीगन नामक स्थान पर कुछ लोहा भी मिलता है। यहाँ से राइन द्वारा कच्चा एवं तैयार माल बाहर भेजने की अच्छी सुविधा है। यह मध्य यूरोप तुल्य जलवायुवाले प्रदेश में पड़ता है। अत: इन कोयला क्षेत्रों के निकट विभिन्न उद्योग धंधों के, जिनमें लोहा इस्पात, सूती, ऊनी तथा रेशमी वस्त्र मुख्य हैं, स्थापित होने के कारण यह यूरोप का एक प्रधान औद्योगिक क्षेत्र बन गया है। यद्यपि स्थानीय लोहा अपर्याप्त है, तथापि बहुत सा लोहा फ्रांस और स्वीडेन से मँगाया जाता है। (राम सहाय खरे)