रिचमंड १. नगर; संयुक्त राज्य, अमरीका, के पूर्वी समुद्री किनारे के पास जेम्स नदी के किनारे, वाशिंगटन से १०० मील दक्षिण, सागरतल से ० फुट से लेकर ३१२ फुट तक की ऊँचाई पर स्थित, वर्जिनिया प्रांत का प्रमुख नगर एवं राजधानी है। शहर के उत्तरी एवं दक्षिणी भागों को जोड़ने के लिए जेम्स नदी पर आठ पुल बने हुए हैं। नदी में कई द्वीप भी स्थित है। ह्वाइट हाउस, कानफीडरेट म्यूज़ियम, एडगर एलेन पो की मूर्ति, सेंट जॉन्स चर्च, मेडिकल कालेज, तथा विश्वविद्यालय दर्शनीय हैं। तंबाकू निर्माण उद्योग यहाँ के सबसे बड़े उद्योगों में से है। रासायनक उद्योग भी महत्वपूर्ण है। छपाई, कागज, जलयान तथा कपड़े संबंधी उद्योग भी यहाँ होते हैं।
२. इसी नाम की एक काउंटी संयुक्त राज्य, अमरीका, के न्यूयॉर्क प्रांत में है। इसी नाम के अन्य नगर कैनाडा के क्विवेक प्रांत में, इंग्लैंड में, पश्चिमी कैलिफॉर्निया, पूर्वी इंडियाना तथा पूर्वी-मध्य केंटकी में भी हैं। (रमेशचंद्र दुबे)