रॉस, जेम्स क्लार्क, सर (Ross, James Clark, Sir, सन् १८००-१८६२) ब्रिटेन के रियर ऐडमिरल तथा ध्रुव प्रदेश के अन्वेषक थे। इनका जन्म १५ अप्रैल, १८०० ई. को लंदन में हुआ था। १८१२ ई. में ये नौसेना में भरती हुए। १८१८ ई. में इनहोंने अपने चाचा कप्तान जॉन रास के साथ उत्तर-पश्चिमी मार्ग को खोज में पहली ध्रुवप्रदेशीय यात्रा की। १८१९-२७ ई. के बीच सर डब्लू.पैरी (Sir W.Parry) के साथ इन्होंने चार ध्रुवप्रदेशीय अभियान किए। १८२९-३३ ई. के बीच फिर अपने चाचा के साथ उस क्षेत्र में गए तथा १८३१ ई. में इन्होंने उत्तरी चुंबकीय ध्रुव की स्थिति को निश्चित किया। १८३४ ई. में ये कप्तान नियुक्त हुए। १८३५ ई. से १८३८ ई. तक इन्होंने ग्रेट ब्रिटन के चुंबकत्व पर्यवेक्षण में काम किया। १८३९-४३ ई. में इन्होंने दक्षिण ध्रुवप्रदेशीय अभियान में इरेबस (Erebus) तथा टेरर (Terror) का समादेशन किया। १८४७ ई. में इन्होंने अपने अन्वेषण से संबंधित पुस्तक लिखी। १८४८ ई. में ये रॉयल सोसायटी के सदस्य चुने गए तथा एंटरप्राइज़ (Enterprise) के, जिसने फ्रैंकलिन की खोज का प्रथम अभियान किया था, समादेशक रहे। इनकी मृत्यु एल्ज़वरी (Aylesbury) में ३ अप्रैल, १८६२ ई. को हुई। (जगदीश सिंह)