रसेल, लाड जॉन जन्म, १८ अगस्त, १७९२, को लंदन में हुआ था। वे बेडफोर्ड के षष्ठ ड्यूक के तृतीय पुत्र थे। एडिनबरा विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त करके सन् १८१३ में वे टेविस्टाक से संसद के लिए निर्वाचित हुए। अर्ल ग्रे के मंत्रिमंडल में लार्ड रसेल को सेना के वेतनदाता (पेमास्टर) का पद हुआ। प्रथम सुधार विधेयक को बनानेवाली पाँच सदस्योंवाली सरकारी समिति के एक सदस्य वे भी थे। इस विधेयक को शाही स्वीकृति जून, १८३२, में प्राप्त हुई। मेलबोर्न के साथ जॉनन रसेल ने भी अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। किंतु १८३५ ई. में पील सरकार के पतन के परिणामस्वरूप जब मेलबोर्न पुन: सत्तारूढ़ हुआ तो जॉन रसेल गृहसचिव तथा लोकसभा के नेता बने। सन् १८३९ में वे उपनिवेश मंत्री थे। सन् १८४६ में पील की पराजय हुई और जान रसेल प्रधान मंत्री निर्वाचित हुए। कई कारणों वश १८५२ में उनको पदत्याग करना पड़ा। सन् १८५५ में वे उपनिवेश मंत्री थे किंतु उसी वर्ष उन्होंने इस पद को त्याग दिया। चार वर्ष पश्चात् वे विदेश मंत्री बने।
सन् १८६५ में पामर्सटन की मृत्यु के बाद, अर्ल रसेल पुन: प्रधान मंत्री बने; किंतु नवीन सुधार विधेयक पर पराजित होने के कारणा उन्होंने इस्तीफा दे दिया। २८ मई, १८७२ को उनकी मृत्यु हो गई। (लालजी सिंह)